शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार शनिवार को जनपद सहारनपुर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार के नेतृत्व में आयोजित लोक अदालत में कुल 4,48,264 वादों का निस्तारण किया गया तथा विभिन्न मामलों में कुल 41,13,81,266 रुपये की धनराशि अर्जित की गई।

राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ प्रातः 10 बजे जनपद न्यायाधीश सतेन्द्र कुमार ने माँ सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ, त्वरित एवं सस्ता न्याय उपलब्ध कराना है। उन्होंने न्यायिक अधिकारियों से अधिक से अधिक वादकारियों को लोक अदालत का लाभ पहुंचाने की अपेक्षा की। लोक अदालत में परिवार न्यायालय, मोटर दुर्घटना प्रतिकर, दीवानी एवं फौजदारी सहित विभिन्न न्यायालयों में लंबित मामलों का निस्तारण किया गया। प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय देवेंद्र सिंह की अदालत में 261, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वादों में 83, अतिरिक्त प्रधान परिवार न्यायालय में 100 तथा मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 2194 वादों का निस्तारण हुआ। इसके अलावा अन्य न्यायालयों में भी बड़ी संख्या में वाद निस्तारित किए गए। जिला न्यायालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रशासनिक स्तर पर 4,38,236 वादों का निस्तारण किया गया, जबकि बैंकों से संबंधित प्री-लिटिगेशन मामलों में 1,741 वाद निस्तारित हुए। इस प्रकार कुल 4,48,264 मामलों का निस्तारण हुआ। लोक अदालत में नगर निगम की ओर से पेयजल तथा मुख्य चिकित्साधिकारी की ओर से स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई। आयोजन में न्यायिक एवं प्रशासनिक अधिकारियों, बैंक व बीमा कंपनियों के अधिकारियों, अधिवक्ताओं, कोर्ट स्टाफ और वादकारियों का सहयोग रहा
।








