शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पंजाब नेशनल बैंक की सिविल लाइन स्थित करेंसी चेस्ट से 4.33 लाख रुपये के नोट निकालने के मामले में कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20,200 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है।
पीएनबी के मुख्य प्रबंधक अरुण कुमार चौबे ने 29 अगस्त को कोतवाली सदर बाजार में तहरीर दी थी। इसमें बताया गया था कि सिविल लाइन स्थित पीएनबी करेंसी चेस्ट परिसर में नोटों के बंडलों से 4,33,900 रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पार्ट टाइम हाउस कीपर विशाल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू किया था।
शनिवार को पुलिस टीम ने छोटी रेलवे लाइन खंडहर क्वार्टर के सामने रेलवे राशन डिपो के पास घेराबंदी कर आरोपी विशाल कुमार निवासी बालेली, थाना गागलहेड़ी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 20,200 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।
बताया गया कि पीएनबी की करेंसी चेस्ट से जयपुर आरबीआई करेंसी चेस्ट को 111 करोड़ रुपये भेजे गए थे। इन बंडलों में सड़े-गले और जीर्ण नोट भी शामिल थे। आरोप है कि हाउस कीपर विशाल कुमार बंडलों से नोट निकालते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ था। इसी मामले के बाद पीएनबी की करेंसी चेस्ट की जांच हुई, जिसमें 17.29 करोड़ रुपये के जाली नोट मिलने का मामला भी सामने आया था।








