शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज एवं पारस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल, पंचकूला के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को गुरु नानक बॉयज इंटर कॉलेज, अंबाला रोड पर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ प्रातः 10:30 बजे उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने किया। शिविर में शहर के सैकड़ों लोगों ने पहुंचकर विभिन्न स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श का लाभ उठाया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री गुरु सिंह सभा, सहारनपुर के प्रधान सुजसबीर सिंह ने की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुम्बर, सहारनपुर मंडल के संयुक्त शिक्षा निदेशक राणा सहस्रांशु कुमार सुमन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शेर सिंह कक्कड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
शिविर में पहुंचे लोगों की चिकित्सकों और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की टीम ने जांच की। विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य जांच के साथ लोगों को उनकी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारे में चिकित्सकीय परामर्श भी दिया गया। चिकित्सकों ने मरीजों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक सावधानियों और उपचार के संबंध में जानकारी दी। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता रही।
मुख्य अतिथि राज्यमंत्री जसवंत सिंह सैनी ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन के लिए चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज और पारस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल की सराहना की।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने भी शिविर के आयोजन को जनहित में महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और समय पर जांच कराने के लिए ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए।
चैम्बर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड सर्विसेज के चेयरमैन रविंद्र मिगलानी ने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों तक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाले चिकित्सकों, अस्पताल प्रबंधन और सभी सहयोगियों का आभार जताया।
शिविर के संरक्षक महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह एवं अमर गुप्ता रहे। संयोजक बलजीत सिंह चावला तथा सह-संयोजक विजय वशिष्ठ, नीरज मिड्ढा, रवि टंडन, सक्षम बत्रा, संजय गुप्ता, तजेंद्र तनेजा, सुनील सूरी, सुमित पोपली, सन्नी नागपाल और हेमंत जोशी सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया।








