अमित कुमार उपाध्याय
चिलकाना। गणेश चतुर्थी के अवसर पर सोमवार को सुल्तानपुर नगर में भगवान गणेश जी की भव्य नगर परिक्रमा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ यात्रा में भाग लिया। नगर परिक्रमा के बाद भगवान गणेश जी की प्रतिमा को विधि-विधान से श्री बाजार वाला मंदिर में स्थापित किया गया। इस दौरान गणपति बप्पा मोरया के जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय हो गया।
आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि गणेश चतुर्थी के अवसर पर इस बार विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। प्रतिमा स्थापना से पूर्व मंत्रोच्चार के साथ विधिवत पूजा-अर्चना और आरती की गई। नगर परिक्रमा के दौरान पुलिस प्रशासन भी मौजूद रहा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
इस अवसर पर शिवकुमार, अनुज सैनी, पंकज सैनी, डॉ. दीपक सैनी, अमित उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने बताया कि आगामी दिनों में मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की गई।








