शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। आगामी मेला गुघाल की तैयारियों एवं मेले के दौरान शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखने को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिला मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार चौहान के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन संतोष बहादुर सिंह की अध्यक्षता और पुलिस अधीक्षक नगर व्योम बिंदल की उपस्थिति में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेला गुघाल का आयोजन 21 सितंबर से 15 अक्टूबर तक किया जाएगा।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने मेला परिसर में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बिजली, पेयजल, मजबूत बैरिकेटिंग और साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जो संस्कृति और राष्ट्रीयता की भावना को बढ़ावा दें। मेले की निगरानी के लिए कैमरों की व्यवस्था के साथ कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जबकि श्रद्धालुओं और आगंतुकों तक आवश्यक सूचनाएं पहुंचाने के लिए पब्लिक एड्रेस सिस्टम भी लगाए जाएंगे।
एडीएम ने सभी विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का भली प्रकार से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मेले में मजिस्ट्रेट और पुलिस अधिकारियों की संयुक्त रूप से ड्यूटी लगाई जाए तथा पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। स्वास्थ्य सेवाओं के लिए एंबुलेंस और चिकित्सकों की उपलब्धता भी सुनिश्चित कराने को कहा गया।
मौसम को देखते हुए नाले और नालियों की साफ-सफाई, फॉगिंग तथा एंटी लार्वा का छिड़काव कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही मेले में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने और समस्याओं के तत्काल निस्तारण के लिए कंट्रोल रूम को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
मेले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच करने के साथ प्रसाद विक्रेताओं को प्रसाद ढककर रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थ बनाने वाले स्टालों को टीन शेड से सुरक्षित करने तथा उन्हें निर्धारित स्थानों पर लगवाने को कहा गया, ताकि अग्नि सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। सभी खाद्य दुकानों पर रेट लिस्ट चस्पा कराने के निर्देश भी दिए गए।
अधिकारियों को यातायात व्यवस्था बेहतर रखने और मेले में लगने वाली दुकानों को निर्धारित एवं उचित स्थानों पर लगवाने के निर्देश दिए गए। विद्युत विभाग को यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि बिजली के तार लटके न हों और सभी दुकानों एवं प्रतिष्ठानों को नियमानुसार विद्युत कनेक्शन दिए जाएं। लोक निर्माण विभाग को मेले में लगाए जाने वाले झूलों का तकनीकी परीक्षण कराने तथा बिना अनुमति किसी भी स्ट्रक्चर को स्थापित न होने देने के निर्देश दिए गए।
अग्निशमन विभाग को भी मेले की सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त संख्या में अग्निशमन वाहनों की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों से कहा गया कि पीडब्ल्यूडी, विद्युत और फायर सेफ्टी से संबंधित विभाग प्रोएक्टिव होकर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करें।
बैठक में अपर नगर आयुक्त प्रदीप कुमार, नगर मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।








