शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान के निर्देश पर जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) की तैयारियों को लेकर सोमवार को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सलिल कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले के प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया। एडीएम ने कहा कि जनगणना केवल जनसंख्या के आंकड़े जुटाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि देश के सामाजिक एवं जनसांख्यिकीय स्वरूप का प्रामाणिक आधार तैयार करने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने सभी अधिकारियों, प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को कार्य पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रथम चरण में जिस टीम भावना और समन्वय के साथ कार्य किया गया, उसे द्वितीय चरण में भी बनाए रखा जाए। फील्ड में आने वाली किसी भी समस्या अथवा बाधा को तत्काल उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर उसका समयबद्ध समाधान कराया जाए। एडीएम ने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 20 सितंबर तक गणना ब्लॉकों का गठन एवं जनपद स्तरीय प्रशिक्षण, जबकि 10 अक्टूबर तक फील्ड ट्रेनर्स की नियुक्ति का लक्ष्य है। 31 अक्टूबर तक ब्लॉकों का आवंटन और नवंबर में प्रगणकों का प्रशिक्षण पूरा किया जाएगा। स्व-गणना की सुविधा 16 से 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी। वहीं 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना करेंगे। इसके बाद 5 से 9 जनवरी तक पुनरीक्षण कार्य होगा। जनगणना से संबंधित जानकारी, शंका अथवा शिकायत के समाधान के लिए जिला स्तर पर हेल्पलाइन शुरू की गई है। आमजन एवं संबंधित कर्मी 0132-2723344 अथवा टोल-फ्री नंबर 1855 पर संपर्क कर सकते हैं। बैठक में सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी सहित जनगणना कार्य से जुड़े अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।








