राजकुमार शर्मा
नागल। मां शाकुंभरी देवी की पावन पदयात्रा के दौरान देवी-देवताओं के स्वरूप धारण कर अमर्यादित प्रदर्शन एवं नृत्य किए जाने के विरोध में मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय हिंदू परिषद एवं राष्ट्रीय बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाना प्रभारी निरीक्षक राधेश्याम यादव को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने इस प्रकार के कृत्य करने वाले तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की।
संगठन के ब्लॉक अध्यक्ष विशाल चौधरी एवं सोनू चौहान ने संयुक्त रूप से बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण तोगड़िया के आह्वान पर यह ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि मां शाकुंभरी देवी की पदयात्रा धार्मिक आस्था से जुड़ा आयोजन है। ऐसे में देवी-देवताओं का स्वरूप धारण कर अमर्यादित प्रदर्शन एवं नृत्य करना धार्मिक भावनाओं के अनुरूप नहीं है। उन्होंने ऐसे तत्वों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।
ज्ञापन सौंपने के दौरान अभिषेक, उमेश, योगेश, कार्तिक, शिवकुमार, विशाल, सन्नी, सागर, अनिकेत आदि मौजूद रहे।








