टूटा पड़ा सार्वजनिक शौचालय, पालिका प्रशासन बेखबर

कई माह से शौचालय की हालत खराब, दरवाजा भी उतारा; दुकानदारों ने शीघ्र मरम्मत की मांग की

 

मनोज धनगर

नकुड़ (सहारनपुर)। नगर में आमजन की सुविधा के लिए नगर पालिका द्वारा बनाए गए सार्वजनिक शौचालय की हालत लंबे समय से खराब पड़ी है। एसडीएम आवास के पीछे मोहल्ला सुजातपुरा में स्थित शौचालय कई माह से टूटा पड़ा है और उसका दरवाजा तक उतार लिया गया है। इसके बावजूद पालिका प्रशासन की ओर से इसकी मरम्मत को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

एक ओर सरकार नगरों को साफ-सुथरा बनाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के दावे कर रही है, वहीं दूसरी ओर नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते सार्वजनिक सुविधा के लिए बनाया गया शौचालय बदहाल स्थिति में पड़ा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले बोर्ड के दौरान आमजन की परेशानी को देखते हुए मोहल्ला सुजातपुरा में इस शौचालय का निर्माण कराया गया था।

पूर्व सभासद त्रिलोक चंद, महेश कुमार, डॉ. जगत सिंह उपाध्याय और केशो राम आदि ने बताया कि शौचालय काफी समय से क्षतिग्रस्त है। दरवाजा भी उतार लिया गया है। आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को यूरिन आदि के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सार्वजनिक शौचालय की सुविधा नहीं होने के कारण लोग खुले में यूरिन करने को मजबूर हैं, जिससे आसपास गंदगी फैलने के साथ आबादी के वातावरण पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि इस समस्या के संबंध में पालिका कर्मचारियों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। दुकानदारों ने नगर पालिका प्रशासन से सार्वजनिक शौचालय की शीघ्र मरम्मत कराकर उसे आमजन के उपयोग के योग्य बनाने की मांग की है।

इस संबंध में पालिका के ईओ सुरेश कुमार ने बताया कि समस्या के समाधान के लिए जेई को आंगणन तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही शौचालय की मरम्मत कराकर समस्या का समाधान करा दिया जाएगा।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य