शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम में आयोजित जनसुनवाई के दौरान नगरायुक्त शिपू गिरि ने तीन समस्याओं का तत्काल निस्तारण कराया। शेष शिकायतों के संबंध में उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।
वार्ड 61 आजाद कॉलोनी निवासी शाहनवाज ने राणा पैलेस वाली गली में सफाई कराने तथा वार्ड 13 आईटी ऑफिस निवासी जितेंद्र कुमार ने ट्रांसपोर्ट नगर के सामने नाली की सफाई कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया। नगरायुक्त ने दोनों मामलों में क्षेत्रीय सफाई निरीक्षक और सफाई मित्र को मौके पर भेजकर सफाई कराई और समस्याओं का तत्काल समाधान कराया।
इसी प्रकार वार्ड 16 साउथ सिटी निवासी दीपक गोयल ने कॉलोनी में बढ़ी हुई घास कटवाने की मांग की। नगरायुक्त ने तत्काल उद्यान प्रभारी को निर्देशित किया, जिसके बाद कर्मचारियों को मौके पर भेजकर घास की कटाई कराई गई।
जनसुनवाई में वार्ड 58 मोहल्ला कायस्थान निवासी मुकेश जैन, वार्ड 35 बेहट रोड वाल्मीकि बस्ती निवासी दीपचंद, वार्ड 48 आवास विकास दिल्ली रोड निवासी सतीश कुमार, वार्ड 11 मवींकलां निवासी स्वतंत्रपाल, वार्ड 38 न्यू भगवती कॉलोनी निवासी संजय जैन तथा वार्ड 13 गोविंद विहार जनता रोड निवासी मुकेश कुमार ने अपने-अपने क्षेत्रों में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की शिकायत की। इस पर नगरायुक्त ने पथप्रकाश प्रभारी को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अपर नगरायुक्त प्रदीप यादव व मृत्युंजय, महाप्रबंधक जल पुरुषोत्तम कुमार, सहायक नगरायुक्त विकास धर दुबे व जेपी यादव, पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








