Saharanpur News: स्वच्छ कुण्ड पर जलेंगे 11 हजार आशीर्वाद के दीये, 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलेगा। स्वच्छ कुण्ड पर 11 हजार आशीर्वाद के दीये जलाए जाएंगे।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से सहारनपुर में एक माह तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत होगी। अभियान के तहत श्री जाहरवीर गोगा म्हाड़ी परिसर स्थित स्वच्छ कुण्ड पर 11 हजार ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाए जाएंगे। इसके अलावा मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, काशीराम कॉलोनी तथा रेलवे स्टेशन परिसर में भगवान बुद्ध की प्रतिमा के चारों ओर भी बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र की समृद्धि की कामना की जाएगी। सहारनपुर में अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाया जाना है।

नगर निगम के मां शाकंभरी सभाकक्ष में महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों के साथ हुई बैठक में अभियान की तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान महापौर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

महापौर डॉ. अजय कुमार ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा और सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’, ‘स्वच्छता में सहभागिता, स्वच्छ भारत विकसित भारत’, ‘सेवा संकल्प’ और ‘आशीर्वाद का दीया’ जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने के साथ लोगों को राष्ट्र निर्माण के संकल्प से जोड़ना है।

उन्होंने बताया कि 17 सितंबर को अभियान के शुभारंभ अवसर पर शाम सात बजे प्रमुख धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों के साथ घरों में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर लोग सहभागिता करेंगे। इसी दिन मोहल्ला समितियों और जनप्रतिनिधियों को साथ लेकर सभी वार्डों में श्रमदान कराया जाएगा तथा स्वच्छता की शपथ दिलाई जाएगी। वार्डों में विशेष सफाई अभियान भी चलाया जाएगा।

महापौर ने बताया कि शाम सात बजे महानगर के पांच प्रमुख स्थलों पर विशेष दीपोत्सव होगा। इनमें श्री गोगा म्हाड़ी स्थित स्वच्छ कुण्ड, मां शाकंभरी कान्हा उपवन गोशाला, श्री भूतेश्वर महादेव मंदिर, काशीराम कॉलोनी तथा रेलवे स्टेशन पर भगवान बुद्ध की प्रतिमा के आसपास दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों, पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और अधिकारियों को कार्यक्रमों में आमंत्रित करने के निर्देश दिए।

महापौर ने कहा कि एक माह तक चलने वाले अभियान के माध्यम से गरीबों और आम लोगों के लिए संचालित लोककल्याणकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संदेश देने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने लोगों से घर-घर एक दीप जलाने की अपील करते हुए कहा कि ‘जिसने देश और जीवन संवारा, उसको है आशीर्वाद हमारा’ की भावना के साथ दीप प्रज्वलित कर राष्ट्र की समृद्धि की कामना की जाए।

नगरायुक्त शिपू गिरि ने निगम अधिकारियों को अभियान के दौरान नालों और सभी वार्डों में विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने पेड़ों की कटाई-छंटाई सहित स्वच्छता से जुड़े अन्य कार्यों को भी प्राथमिकता से कराने तथा पांचों प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव के दौरान आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य