शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। सहारनपुर मंडल के अपर आयुक्त रमेश यादव ने गुरुवार को नकुड़ तहसील कार्यालय, एसडीएम कोर्ट और सीओ कार्यालय की पेशी का निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व वादों के निस्तारण की स्थिति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को मामलों का गुण-दोष के आधार पर त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
दोपहर बाद तहसील कार्यालय पहुंचे अपर आयुक्त रमेश यादव का एसडीएम निधि भारद्वाज, तहसीलदार जसमेंन्द्र सिंह समेत अन्य अधिकारियों ने स्वागत किया। इसके बाद उन्होंने एसडीएम कोर्ट पहुंचकर राजस्व संबंधी फाइलों का निरीक्षण किया। इस दौरान राजस्व संहिता की धारा 116, धारा 24 समेत विभिन्न मामलों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित राजस्व वादों की स्थिति की समीक्षा करते हुए उनके निस्तारण की प्रगति भी जानी।
अपर आयुक्त ने आईजीआरएस संदर्भों की भी समीक्षा की। उन्होंने तहसील से संबंधित तीन फीडबैक की जानकारी लेते हुए शिकायतों के निस्तारण की स्थिति जानी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा किसी स्तर पर लापरवाही न हो।
इसके बाद अपर आयुक्त ने सीओ कार्यालय की पेशी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने पुलिस से संबंधित विभिन्न मामलों की जानकारी ली। अपराध रजिस्टर का अवलोकन करने के साथ लंबित विवेचनाओं की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गंभीर अपराधों और एससी-एसटी से संबंधित वादों की भी समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम निधि भारद्वाज, तहसीलदार जसमेंन्द्र सिंह, तहसीलदार न्यायिक गुरमीत सिंह, नायब तहसीलदार विजय कुमार सहित तहसील एवं संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








