शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अंबाला रोड स्थित समाजवादी पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान विश्वकर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा के योगदान को याद करते हुए वैज्ञानिक सोच, शिल्प और तकनीकी विकास के अनुरूप आगे बढ़ने की बात कही।
जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा को सृष्टि के शिल्पकार के रूप में माना जाता है। आधुनिक युग में निर्माण और तकनीकी विकास के क्षेत्र में उनके योगदान की परंपरा को याद किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना चाहिए।
पूर्व मंत्री विनोद तेजियन, लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय सचिव मुस्तकीम राणा और वरिष्ठ सपा नेता चौधरी अब्दुल गफूर ने कहा कि समाजवादी पार्टी महापुरुषों और देवी-देवताओं के सम्मान की परंपरा में विश्वास रखती है। इसी क्रम में भगवान विश्वकर्मा जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया और पार्टी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।
प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रवक्ता फैसल सलमानी तथा प्रदेश सचिव रतन यादव ने भाजपा पर चुनावी राजनीति को लेकर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक सौहार्द और पीडीए के मुद्दों के साथ चुनाव की तैयारियों में जुटी है। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में सक्रिय भूमिका निभाने की बात कही।
गौरतलब है कि 17 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर प्रदेश में विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी दिन अखिलेश यादव ने भी विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर अपनी पार्टी की सरकार बनने पर राजकीय अवकाश बहाल करने और लखनऊ के गोमती रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा मंदिर बनाने की घोषणा की।
इस अवसर पर कासिफ अल्वी, हसीन कुरैशी, मंजू रानी, डॉ. चेतन भारद्वाज, कुलदीप हंस, नरेंद्र खटियान, सुमित खोटियान, रिजवान चौधरी, जिंदा हसन, शाहिद मंसूरी, वेदपाल पटनी आदि मौजूद रहे।








