शहरी चौपाल ब्यूरो
नकुड़ (सहारनपुर)। जनक बाजार एसोसिएशन की ओर से 44वें वार्षिकोत्सव के उपलक्ष्य में विशाल मां भगवती जागरण का भव्य आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर मां भगवती के दरबार में शीश नवाया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। जागरण के दौरान देर रात तक भजनों की गूंज से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
जागरण का शुभारंभ विधायक मुकेश चौधरी और नगर चेयरमैन शिवकुमार गुप्ता ने फीता काटकर तथा मां भगवती की पावन ज्योत प्रज्वलित करके किया। वहीं कमलेश गर्ग, मनु गर्ग और शाश्वत गर्ग ने मां के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की। आयोजन में श्रद्धालुओं ने मां भगवती के जयकारे लगाते हुए भक्ति भाव से कार्यक्रम में सहभागिता की।
महामाई के जागरण में सुप्रसिद्ध सुंदरम जागरण पार्टी ने भक्ति गीतों की प्रस्तुतियां दीं। सहारनपुर से पहुंचीं भजन गायिका हिमांशी कौशल ने ‘जो वृंदावन जाते हैं, वहीं के हो जाते हैं’, ‘स्वर देती है मां सरस्वती’ और ‘बेटियां क्यों पराई’ जैसे भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
वहीं राजेश भारती ने ‘हारे का सहारा मेरा श्याम धनी’, शिवा गर्ग ने ‘चलो बुलावा आया है, माता ने बुलाया है’ तथा किशोर राठौड़ ने ‘साथी हमारा कौन बनेगा, तुम न सुनोगी तो कौन सुनेगा’ सहित विभिन्न भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों पर श्रद्धालु झूमते नजर आए और पूरा वातावरण मां के जयकारों से गूंज उठा।
वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोजन समिति की ओर से सभी अतिथियों को मां भगवती की छवि भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही लंगर का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन राजन शर्मा ने किया।
इस अवसर पर संदीप दीक्षित, मनोज गोयल, नरेश गोयल, पंकज जैन, प्रदीप सिंघल, नीरज नामदेव, रजनीश अग्रवाल, विजय त्यागी, नवीन रोहिला, आयुष गर्ग, नीटू राणा, सचिन राणा, संजय राणा, जोगिंद्र राणा, नवदीप मित्तल, आशु भारद्वाज, सोहित मित्तल, प्रवीण सर्राफ, संयम जैन, अक्षय सिंघल सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








