शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को जनपद में भूकम्प एवं अग्नि सुरक्षा को लेकर राज्य स्तरीय मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। तहसील सदर क्षेत्र स्थित स्टार पेपर मिल में क्लोरीन गैस रिसाव और आग लगने की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों का फिजिकल मॉकड्रिल के माध्यम से अभ्यास किया गया।

उप जिलाधिकारी सदर के निर्देशन में आयोजित मॉकड्रिल सुबह 10:30 बजे से 11 बजे तक चली। अभ्यास के दौरान औद्योगिक इकाई में क्लोरीन गैस रिसाव के बाद आग लगने का परिदृश्य तैयार किया गया। इसमें छह लोगों के घायल होने की स्थिति मानकर विभिन्न विभागों की राहत एवं बचाव टीमों ने कार्रवाई का अभ्यास किया।
मॉकड्रिल में एसडीआरएफ के प्रभारी अधिकारी निखिल कुमार, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रताप सिंह सहित पुलिस, चिकित्सा विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत वितरण खंड, पूर्ति विभाग, सिविल डिफेंस, होमगार्ड, नगर निगम और स्टार पेपर मिल के कर्मचारियों ने भाग लिया। अभ्यास के दौरान दो घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार देने तथा चार गंभीर घायलों को बेहतर उपचार के लिए हायर सेंटर भेजने की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया।

मॉक एक्सरसाइज के माध्यम से विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय, राहत-बचाव कार्यों की तत्परता और आपदा की स्थिति में संसाधनों के प्रभावी उपयोग का अभ्यास किया गया। अधिकारियों और कर्मचारियों ने निर्धारित भूमिका के अनुसार राहत एवं बचाव कार्यों को अंजाम दिया।
मॉकड्रिल समाप्त होने के बाद मौके पर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिभागी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने अभ्यास के दौरान सामने आए विभिन्न पहलुओं पर अपने सुझाव दिए। अधिकारियों ने आपदा की स्थिति में सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय और त्वरित कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।








