शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। थाना मंडी पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए घर से लापता हुई दो बालिकाओं को महज 10 घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। दोनों बालिकाओं के परिजनों ने पुलिस टीम की कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार जताया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को एक व्यक्ति थाना मंडी पहुंचा और बताया कि उसकी दो पुत्रियां किसी बात से नाराज होकर घर से कहीं चली गई हैं। मामला सामने आने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए दोनों बालिकाओं की तलाश के लिए पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए।
अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम के निकट पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में थाना मंडी पुलिस और मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने विभिन्न स्थानों पर जानकारी जुटाते हुए संयुक्त प्रयास से दोनों बालिकाओं को करीब 10 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस ने नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों बालिकाओं को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बालिकाओं के सकुशल मिलने पर परिजनों ने थाना मंडी पुलिस और मिशन शक्ति टीम का आभार व्यक्त करते हुए उनकी कार्यवाही की प्रशंसा की।
बालिकाओं की तलाश करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र सिंह राणा, उपनिरीक्षक अय्यूब अली, हेड कांस्टेबल विपिन कुमार, हेड कांस्टेबल कपिल कुमार, हेड कांस्टेबल महबूब अली, कांस्टेबल रवि कुमार और महिला हेड कांस्टेबल अर्चना शामिल रहीं।








