शामली वार्ड 16 में नाला निर्माण को लेकर विवाद, सभासद अनिल उपाध्याय की पिटाई; दोनों पक्षों ने दी तहरीर

वार्ड 16 में नाला निर्माण को लेकर सभासद अनिल उपाध्याय और स्थानीय लोगों के बीच विवाद मारपीट तक पहुंच गया। दोनों पक्षों ने शहर कोतवाली में तहरीर दी है। सभासद ने पालिकाध्यक्ष पर साजिशन हमला कराने का आरोप लगाया है।

शहरी चौपाल ब्यूरो 
शामली। नगरपालिका परिषद के वार्ड 16 स्थित कौशांबी विहार में नाला निर्माण को लेकर सभासद और स्थानीय लोगों के बीच चल रहा विवाद शनिवार को मारपीट तक पहुंच गया। नगरपालिका कार्यालय में दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और नोकझोंक के बाद बाहर निकले वार्ड सभासद एवं भाजपा जिला मंत्री अनिल उपाध्याय को कुछ लोगों ने पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। आरोप है कि लोगों ने उन्हें दौड़ाकर पीटा। इसी दौरान एक महिला उनके गिरेबान को पकड़कर उन्हें कोतवाली तक ले गई, जहां पुलिस ने सभासद को छुड़ाया। मामले में दोनों पक्षों की ओर से शहर कोतवाली में तहरीर दी गई है।
कौशांबी विहार वार्ड 16 में करीब दो वर्ष से नाला निर्माण नहीं होने के कारण जलभराव की समस्या बनी हुई है। पालिका की ओर से अब नाला और सड़क निर्माण कार्य को स्वीकृति दी गई है। शुक्रवार रात ठेकेदार निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे। आरोप है कि सभासद अनिल उपाध्याय ने निर्माण कार्य यह कहते हुए रुकवा दिया कि प्रस्तावित तरीके से नाला बनाए जाने पर पीछे की गली में जलभराव की समस्या और बढ़ सकती है। इस मामले में ठेकेदारों ने शनिवार को पालिका अधिकारियों के साथ वार्ता का समय तय किया था।
शनिवार को वार्ड के महिला और पुरुष पालिका कार्यालय पहुंचे। सभासद भी वहां मौजूद थे। पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल की मौजूदगी में उनके कक्ष में नाला निर्माण को लेकर लोगों और सभासद के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद तीखी नोकझोंक में बदल गया। मारपीट की स्थिति बनने पर सभासद वहां से बाहर निकल आए। आरोप है कि पालिका कार्यालय से बाहर निकलते ही कुछ महिला और पुरुषों ने उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ धक्का-मुक्की करते हुए लात-घूंसों से मारपीट शुरू कर दी।
सभासद किसी तरह वहां से निकलकर कोतवाली की ओर भागे, लेकिन आरोप है कि लोगों ने कोतवाली के पास भी उन्हें पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट की। इसके बाद एक महिला ने उनका गिरेबान पकड़ लिया और उन्हें कोतवाली ले गई। पुलिस ने सभासद को लोगों से छुड़ाया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने शहर कोतवाली में अपनी-अपनी तहरीर दी।
वार्ड के नागरिकों की ओर से दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि सभासद नाला और सड़क निर्माण कार्य में अवरोध पैदा कर रहे हैं। नागरिकों का कहना है कि वार्ड में लंबे समय से जलभराव की समस्या है और इसके समाधान के लिए वे पालिका कार्यालय पहुंचे थे। तहरीर में आरोप लगाया गया कि पालिका कार्यालय में सभासद ने महिलाओं के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
वहीं, सभासद अनिल उपाध्याय ने अपनी तहरीर में अलग आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि वे कौशांबी विहार में जल निकासी की समस्या का स्थायी समाधान कराने के लिए पालिका कार्यालय पहुंचे थे और वहां ठेकेदारों से निर्माण कार्य को लेकर बातचीत की जा रही थी। सभासद ने आरोप लगाया कि पालिकाध्यक्ष अरविंद संगल ने योजनाबद्ध तरीके से उनके वार्ड के कुछ महिला और पुरुषों को बुलाया और उनकी हत्या कराने की नीयत से हमला कराया।
सभासद के अनुसार, पालिकाध्यक्ष के कथित इरादे को भांपकर वह अपनी जान बचाने के लिए पालिका कार्यालय से बाहर निकले। आरोप है कि इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने वहां मौजूद लोगों को उकसाया, जिसके बाद उनके साथ मारपीट की गई और गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया गया। सभासद ने मामले में दो महिलाओं समेत पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
मामले में शहर कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र गौतम ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल नाला निर्माण को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और आरोप-प्रत्यारोप तक पहुंच गया है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य