सास-बहू के बीच संवाद से सुलझेंगे घरेलू विवाद, परिवार में बढ़ेगा आपसी सम्मान

मिशन शक्ति टीम ने ग्राम चौपाल में महिलाओं को सुरक्षा, कानूनी अधिकारों और हेल्पलाइन की दी जानकारी

शहरी चौपाल ब्यूरो 

नकुड़ (सहारनपुर)। मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना नकुड़ मिशन शक्ति टीम की ओर से गांव-गांव ग्राम चौपाल का आयोजन कर महिलाओं को जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में मिशन शक्ति प्रभारी सविता चौधरी के नेतृत्व में कस्बा फंदपुरी और गांव ढकदेई में ग्राम चौपाल आयोजित कर सास-बहू संवाद कराया गया। कार्यक्रम में दर्जनों महिलाओं ने भाग लेकर अभियान की सराहना की।
मिशन शक्ति प्रभारी सविता चौधरी ने बताया कि उनके नेतृत्व में महिला कांस्टेबल रेखा सिंह, रिक्रूट महिला आरक्षी अनुराधा, रिक्रूट महिला आरक्षी नेपाली और रिक्रूट महिला आरक्षी मोनिका रानी ने महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने बताया कि सास-बहू के बीच सकारात्मक संवाद और आपसी समझ परिवार में होने वाले विवादों को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
चौपाल में घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, दहेज हत्या, गृह-कलेश और पारिवारिक विवादों से उत्पन्न होने वाले आपराधिक मामलों की रोकथाम के लिए आपसी सम्मान और संवाद पर जोर दिया गया। महिलाओं को छोटी-छोटी पारिवारिक बातों को विवाद का रूप नहीं देने तथा समय रहते बातचीत और आपसी समझ से समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रेरित किया गया।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, सम्मान और विधिक अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए किसी भी प्रकार के उत्पीड़न की स्थिति में तत्काल पुलिस की सहायता लेने की अपील की। इस दौरान 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 पुलिस आपातकालीन सेवा, 1930 साइबर क्राइम हेल्पलाइन, 108 एंबुलेंस और 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में जानकारी दी गई।
टीम ने कहा कि “सुरक्षित परिवार ही सुरक्षित समाज की नींव है।” समय रहते पारिवारिक विवादों का समाधान कर गंभीर विवादों और आपराधिक घटनाओं को रोका जा सकता है। चौपाल में शामिल महिलाओं ने मिशन शक्ति टीम की इस पहल को उपयोगी बताते हुए इसकी सराहना की।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य