शहरी चौपाल ब्यूरो
गागलहेड़ी। क्षेत्र में पिछले कई दिनों से किसानों के ट्यूबवेलों पर लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों और किसानों में भारी रोष है। बेखौफ चोरों ने अब काली नदी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले एक सरकारी ट्यूबवेल को अपना निशाना बनाकर चोरी की घटना को अंजाम दे डाला।
मिली जानकारी के अनुसार, चोरों ने बीती रात सरकारी ट्यूबवेल का सामान पार कर दिया। लगातार हो रही इन वारदातों से किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। सिंचाई के साधनों पर इस तरह हो रहे हमलों से खेती-किसानी भी प्रभावित हो रही है।
काली नदी चौकी क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की इन घटनाओं ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली और रात्रि गश्त पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस की सुस्ती के चलते चोरों के हौसले बुलंद हैं और वे निडर होकर एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहे हैं।








