शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर, । कलेक्ट्रेट स्थित नवीन सभागार में जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में जिले की सड़क सुरक्षा व्यवस्था, दुर्घटनाओं की स्थिति, ब्लैक स्पॉट और हाईवे पर अवैध कट समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा अभियान में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के स्पष्टीकरण जारी करने और वेतन रोकने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को बैठक में दिए गए निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि जिले के सभी टोल प्लाजा तथा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर पर संचालित एंबुलेंस के ऑपरेटरों के मोबाइल नंबर जिले के सभी थानों पर चस्पा कराए जाएं, ताकि दुर्घटना की स्थिति में तत्काल एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराई जा सके।
हाईवे पर बने अवैध कटों को लेकर जिलाधिकारी ने एनएचएआई के अधिकारियों को संबंधित उपजिलाधिकारियों और क्षेत्राधिकारियों से समन्वय स्थापित कर तत्काल अवैध कट बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में किसी अवैध कट के कारण दुर्घटना होती है तो संबंधित क्षेत्र के एनएचएआई साइट इंजीनियर का नाम भी एफआईआर में शामिल किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने दुर्घटनाओं से संबंधित आंकड़ों की आईरैड पोर्टल पर ऑनलाइन मॉनिटरिंग के लिए संबंधित पुलिस अधिकारियों को नियमित ऑनलाइन फीडिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, उपशा के संबंधित अधिकारियों को मुजफ्फरनगर-सहारनपुर मार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आगामी बैठक से पहले अल्पकालीन सड़क सुरक्षा सुधार कार्य पूरा कराने को कहा।
दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए वन विभाग के संबंधित अधिकारियों को दिल्ली-यमुनोत्री मार्ग पर सड़क की लेपित सतह से सटे पेड़ों का संयुक्त निरीक्षण कराने के निर्देश भी दिए गए। सरसावा कट पर दीर्घकालीन सड़क सुरक्षा सुधार के लिए आवश्यक डीपीआर तत्काल शासन को भेजने के लिए एनएचएआई रुड़की के अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
जिलाधिकारी ने सड़क सुरक्षा से जुड़े मुख्य विभागों के अधिकारियों को जागरूकता कार्यक्रमों में तेजी लाने को कहा। मुख्य चिकित्साधिकारी, डीआईओएस, बेसिक शिक्षा अधिकारी समेत संबंधित विभागों को दैनिक स्तर पर सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा, अपर जिलाधिकारी संतोष बहादुर सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग धर्मेंद्र सिंह, एआरटीओ प्रशासन एवं प्रवर्तन, नगर निगम, एनएचएआई समेत विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








