शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को अपने दो दिवसीय उत्तर प्रदेश प्रवास के दूसरे दिन सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई संगठनात्मक बैठकों में हिस्सा लिया।

सहारनपुर पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने शंखध्वनि और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। उन्होंने सांसदों, विधायकों, पार्टी पदाधिकारियों और जमीनी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद कर वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की और संगठन को बूथ स्तर तक और मजबूत करने के निर्देश दिए। संगठनात्मक बैठकों में विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी की गतिविधियों और चुनावी तैयारियों का फीडबैक लिया गया। नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं से हर गांव और हर घर तक पहुंचने तथा पात्र लाभार्थियों को डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए प्रभावी समन्वय करने को कहा। उन्होंने शक्ति केंद्रों पर सांसदों, विधायकों और सक्रिय कार्यकर्ताओं के साथ ‘पॉकेट मीटिंग’ यानी जनता चैपाल आयोजित करने के निर्देश भी दिए। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता 24 घंटे, सातों दिन जनता की सेवा के लिए काम करते हैं। उन्होंने कहा कि सहारनपुर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्यकर्ताओं का उत्साह और ऊर्जा पार्टी की संगठनात्मक सक्रियता को दर्शाती है। उनके अनुसार भाजपा वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में फिर सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2047 तक विकसित भारत और उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने का संकल्प आगे बढ़ रहा है। नितिन नवीन ने उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रक्षा क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहचान विकास और प्रगति के नए आयामों से बन रही है। उन्होंने ब्रह्मोस जैसी मिसाइलों के निर्माण को भी नए उत्तर प्रदेश की पहचान बताया।








