शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मुन्नालाल एवं जय नारायण खेमका गर्ल्स कॉलेज में ‘नशा मुक्ति युवा फॉर विकसित भारत’ कार्यक्रम के अंतर्गत शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान छात्राओं को मादक द्रव्यों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यवाहक प्राचार्या प्रो. अनुपम बंसल ने कहा कि नशा परिवार के भविष्य को अंधकार में ले जाने वाला अभिशाप है। यह व्यक्ति की शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक शक्ति को धीरे-धीरे कमजोर करता है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों व आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि संस्कार निर्माण का भी महत्वपूर्ण स्थल है। उद्देश्य ऐसे जागरूक, अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक तैयार करना है, जो स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दें। कार्यक्रम में मां शाकंभरी विश्वविद्यालय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य प्रो. मुकेश कुमार सहित शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने नशामुक्ति की प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रभारी डॉ. आराधना ने किया। अंत में प्राचार्या ने सभी का आभार व्यक्त किया।








