Saharanpur News: ऑपरेशन सवेरा में फतेहपुर पुलिस की कार्रवाई, तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

सहारनपुर के फतेहपुर में ऑपरेशन सवेरा के तहत पुलिस ने तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। आरोपियों से 166 ग्राम चरस और 13.60 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

अमित कुमार 

सहारनपुर। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ऑपरेशन सवेरा के तहत फतेहपुर पुलिस ने तीन अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से कुल 166 ग्राम चरस और 13.60 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। तीनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार सहारनपुर परिक्षेत्र में मादक पदार्थों और प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए “ऑपरेशन सवेरा—नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर” अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहारनपुर के निर्देशन में फतेहपुर पुलिस ने कार्रवाई की।

पहली कार्रवाई 23 सितंबर को मुखबिर की सूचना पर की गई। पुलिस के मुताबिक चेकिंग के दौरान भोगपुर की पुलिया से एसबीआई बैंक के सामने जाने वाले रास्ते पर दतौली मुगल निवासी सद्दाम पुत्र सय्यद को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 86 ग्राम अवैध चरस बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। इस मामले में थाना फतेहपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 408/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से जुड़े आगे और पीछे के संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार सद्दाम के खिलाफ वर्ष 2023 में देवबंद थाने में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में भी मुकदमा दर्ज रहा है।

दूसरी कार्रवाई 22 सितंबर को ग्राम दतौली मुगल और लखनोती के बीच बंबा की पुलिया के पास की गई। पुलिस के अनुसार यहां दतौली मुगल निवासी सद्दाम पुत्र शमीम को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13.60 ग्राम स्मैक बरामद की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना फतेहपुर में मुकदमा अपराध संख्या 407/26, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज हैं।

तीसरी कार्रवाई 23 सितंबर को दुआ कार रिपेयरिंग की दुकान के सामने की गई। पुलिस के मुताबिक दतौली मुगल निवासी नईम पुत्र दिलशाद को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 80 ग्राम अवैध चरस बरामद की गई। इस मामले में थाना फतेहपुर पर मुकदमा अपराध संख्या 409/26, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपी से पूछताछ के आधार पर नशे के अवैध कारोबार से जुड़े संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।

तीनों मामलों में फतेहपुर पुलिस की अलग-अलग टीमों ने कार्रवाई की। कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक बबलू कुमार, अमित सोनी और सुबोध शर्मा सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य