नानौता में वाहन चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार

चोरी की दो मोटरसाइकिलों के साथ तीन तमंचे और कारतूस बरामद, सीएचसी परिसर व घर के बाहर से चोरी हुई थीं बाइक

फैय्याज अली आब्दी 

सहारनपुर। नानौता पुलिस ने वाहन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिल, तीन देशी तमंचे .315 बोर और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। कार्रवाई का खुलासा 23 सितंबर को पुलिस ने किया।

पुलिस के मुताबिक 19 सितंबर को ठोल्ला फतेहपुर निवासी मोहित कुमार ने नानौता थाने में तहरीर देकर बताया था कि उनकी सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल संख्या UP11BW5105 सीएचसी नानौता परिसर से चोरी हो गई। इस संबंध में मुकदमा संख्या 238/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था। इसके बाद 22 सितंबर को कस्बा नानौता के मोहल्ला छत्ता निवासी फरीद ने अपने पिता की स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल संख्या UP11AN2492 घर के सामने से चोरी होने की सूचना दी। इस मामले में मुकदमा संख्या 242/2026 धारा 305(3) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वाहन चोरी की घटनाओं की रोकथाम और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने जांच तेज की। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर गंगोह रोड से कुतुबपुर जाने वाले रजबाहे की पटरी पर चेकिंग के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोबान निवासी मोहल्ला कुरैसियान थाना गंगोह, सारिक निवासी ग्राम फतेहपुर ढोल्ला थाना गंगोह और साजिद उर्फ मुखिया निवासी मोहल्ला गुलाम औलिया थाना गंगोह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार इनके कब्जे से दोनों चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुईं। इसके अलावा तीनों आरोपियों के पास से एक-एक देशी तमंचा .315 बोर और एक-एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर संबंधित मुकदमों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। वहीं तमंचे और कारतूस बरामद होने के मामले में आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में सोबान, सारिक और साजिद के खिलाफ पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज रहे हैं। इनमें एनडीपीएस एक्ट, चोरी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल बताए गए हैं।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष विकास चारण, उपनिरीक्षक जसपाल सिंह, उपनिरीक्षक जयवीर सिंह, हेड कांस्टेबल विक्रान्त मान, हेड कांस्टेबल मोहसीन, रिजर्व कांस्टेबल मनोज कुमार और रिजर्व कांस्टेबल विशेष शामिल रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य