अमित कुमार उपाध्याय
चिलकाना। गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में शुक्रवार को चिलकाना और सुल्तानपुर क्षेत्र में श्रद्धालुओं ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमाओं की शोभायात्रा निकाली। भक्ति गीतों और गणपति बप्पा के जयकारों से कस्बे का वातावरण भक्तिमय बना रहा। शोभायात्रा के बाद श्रद्धालु भगवान गणेश की प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ विसर्जन के लिए लेकर रवाना हुए।
सुल्तानपुर के कंकरोवाला मंदिर में श्री सिद्धिविनायक दल के तत्वावधान में भगवान श्री गणेश की प्रतिमा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके अलावा बाजार वाले मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से गणेश प्रतिमा का विसर्जन किया। चिलकाना के बाजार वाले मंदिर से भी भगवान गणेश की प्रतिमा को विसर्जन के लिए धूमधाम से शोभायात्रा के रूप में ले जाया गया।
शोभायात्रा के दौरान भगवान गणेश के भजनों से वातावरण भक्तिमय हो गया। महिलाएं भजनों पर झूमती नजर आईं, जबकि श्रद्धालु गणपति बप्पा मोरया के जयकारे लगाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए। आकर्षक ढंग से सजाई गई गणेश प्रतिमाएं श्रद्धालुओं के बीच विशेष आकर्षण का केंद्र बनी रहीं।
सुल्तानपुर के मेन बाजार मंदिर में स्थापित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रही। समिति के शिव कुमार ने बताया कि इस बार भगवान श्री गणेश की प्रतिमा को शोभायात्रा के बाद स्नान कराने के उपरांत पुनः मंदिर में स्थापित किया जाएगा। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं ने गणपति बप्पा से सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की।








