शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। कोतवाली बेहट पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह के एक शातिर नशा तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध स्मैक पाउडर बरामद करने में सफलता हासिल कर ली। बरामद 265 ग्राम स्मैक की कीमत अंतर्राष्ट्रीय बाजार में लगभग 50 लाख रूपए बताई जा रही है। परिक्षेत्र के डीआईजी अभिषेक सिंह के निर्देश पर तीनों जनपदों की पुलिस द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ आपरेशन सवेरा-नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बेहट कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र सिंह दीक्षित व उपनिरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में मुखबिर की सूचना पर चैकिंग के दौरान एक शातिर नशा तस्कर उस्मान पुत्र यासीन निवासी ग्राम रीढ़ी मोहउद्दीनपुर थाना बेहट को ग्राम रीढ़ी मोहिउद्दीनपुर की तरफ जाने वाले रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 265 ग्राम स्मैक पाउडर बरामद कर लिया। बरामद स्मैक की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रूपए बताई जा रही है। पुलिस आरोपी के नेटवर्क के बारे में जांच कर रही है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा-8/21 के तहत चालान काटकर जेल भेज दिया।








