गय्यूर मलिक
बेहट । कस्बे के मोहल्ला महाजनान स्थित प्राचीन शिव मंदिर में चल रहे गणेश उत्सव का शुक्रवार को अनंत चतुर्दशी पर्व पर विधिविधान के साथ समापन हुआ। गणपति बप्पा मोरया के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने कस्बे के विभिन्न मोहल्लों में शोभायात्रा निकाली।इस मौके पर जगह-जगह लोगों ने स्वागत किया। शोभायात्रा मंदिर से शुरू होकर नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए शाकंभरी रोड स्थित पूर्वी यमुना नहर पहुंची, जहां गणेश प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया।
इससे पूर्व गुरुवार रात गणेश उत्सव के तहत अर्धरात्रि जागरण आयोजित किया गया, जिसमें मुख्य कलाकार पूनम चौधरी ने गणपति महाराज का गुणगान कर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर किया। शुक्रवार सुबह नौ बजे पूर्णाहुति हवन हुआ। इसके बाद दोपहर 12 बजे भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालु गणपति के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे। विसर्जन स्थल पर विधिविधान से पूजा-अर्चना के बाद प्रतिमा को नहर में विसर्जित किया गया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व पूर्व विधायक नरेश सैनी, भाजपा नेता अभय राणा,भाजपा नेत्री प्रियमवदा राणा,युवा भाजपा नेता संजीव कर्णवाल उर्फ़ बॉबी,नामित सभासद व भाजपा बेहट मंडल उपाध्यक्ष सुनील राजदेव उर्फ़ बिट्टू,अनिल सिंघल, राहुल कुमार वर्मा,अजय कुमार जैन,उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के बेहट इकाई अध्यक्ष अवनीश अग्रवाल, नामित सभासद व व्यापारी नेता सुधीर कर्णवाल, सभासद सत्य प्रकाश रोहिला, बबलू एडवोकेट,दीपक सिंघल समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।








