शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। अवैध खनन एवं खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना चिलकाना पुलिस ने राजस्व टीम के साथ कार्रवाई करते हुए तीन डंपरों को सीज किया है। पुलिस के अनुसार तीनों वाहन बिना रॉयल्टी के तथा ओवरलोड खनन सामग्री का परिवहन करते पाए गए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अवैध खनन के खिलाफ जनपद में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी अक्षय शर्मा के नेतृत्व में थाना चिलकाना पुलिस और राजस्व टीम ने 25 सितंबर को दुमझेड़ा मार्ग पर चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान तीन वाहनों को बिना रॉयल्टी और ओवरलोड खनन सामग्री का परिवहन करते पाया गया। पुलिस ने तीनों वाहनों को खनन सामग्री सहित सीज कर थाना परिसर में खड़ा करा दिया। सीज किए गए वाहनों में डंपर संख्या एचआर58ई2105, एचआर58डी0554 तथा एक डंपर जिसका चेसिस नंबर एमएटी828113एसएई08760 है, शामिल है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थाना प्रभारी अक्षय शर्मा, उपनिरीक्षक रोहताश कुमार, आरक्षी अमित कुमार और आरक्षी संजीव कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन एवं खनन सामग्री के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।








