शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में मालों के निस्तारण के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन अभियान के तहत थाना कुतुबशेर पुलिस ने लंबे समय से थाने में खड़े माल मुकदमाती, सीजशुदा एवं जब्तीकरण के 42 वाहनों की नियमानुसार नीलामी कराई। नीलामी में 45 बोलीदाताओं ने भाग लिया। नौशाद पुत्र कालू निवासी मोहल्ला शेखजादगान, थाना नानौता ने 6 लाख 95 हजार रुपये की सर्वाधिक बोली लगाई, जिसके पक्ष में नीलामी छोड़ी गई।
पुलिस के अनुसार नीलाम किए गए 42 वाहनों में तीन चार पहिया, तीन तीन पहिया और 36 दो पहिया वाहन शामिल हैं। आरटीओ कार्यालय द्वारा वाहनों का मूल्यांकन कराया गया था। नीलामी प्रक्रिया माननीय न्यायालय के आदेश के अनुपालन में थाना कुतुबशेर की पुलिस चौकी मानकमऊ के प्रांगण में कराई गई।
नीलामी राशि 6 लाख 95 हजार रुपये पर 18 प्रतिशत जीएसटी के रूप में 1 लाख 25 हजार 100 रुपये निर्धारित हुए। इस प्रकार कुल 8 लाख 20 हजार 100 रुपये की धनराशि राजस्व के रूप में राजकोष में जमा कराई जाएगी।
नीलामी प्रक्रिया के दौरान उप जिलाधिकारी सदर सुबोध कुमार, क्षेत्राधिकारी नगर प्रथम सारिका चौधरी, संभागीय परिवहन निरीक्षक रोहित सिंह, थाना कुतुबशेर प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार त्यागी तथा हेड मोहर्रिर सुरेंद्र कुमार मौजूद रहे। पुलिस के मुताबिक अभियान के तहत थानों में लंबे समय से लंबित माल के नियमानुसार निस्तारण की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।








