शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती के अवसर पर विचार गोष्ठी एवं स्पोर्ट्स किट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीएसपी शशि प्रकाश सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। गोष्ठी में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों, राष्ट्र निर्माण के दृष्टिकोण तथा युवाओं की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। मुख्य अतिथि डीएसपी शशि प्रकाश ने युवाओं को शिक्षा, खेल और सामाजिक सेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा देश की सबसे बड़ी शक्ति हैं। युवाओं को अपने लक्ष्य के साथ समाज और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए। जिला युवा अधिकारी कुश कुमार ने कहा कि डल ठींतंज के माध्यम से युवाओं को अपनी प्रतिभा और ऊर्जा को सकारात्मक दिशा में लगाने के अनेक अवसर मिल रहे हैं। खेल, शिक्षा और सामाजिक गतिविधियों में युवाओं की भागीदारी राष्ट्र के विकास को मजबूती प्रदान करती है। कार्यक्रम संयोजक आर्याव्रत ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचार युवाओं को राष्ट्रहित और समाज सेवा के लिए प्रेरित करते हैं। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य युवाओं में सेवा, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करना है। इस अवसर पर प्रधानाचार्या सुषमा बजाज, समाजसेविका अनु बजाज, वरिष्ठ पत्रकार खेमचंद सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें स्पोर्ट्स किट वितरित की गई। कार्यक्रम का संचालन मुस्कान त्यागी ने किया। समापन वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ।








