धर्मेंद्र कुमार की रिपोर्ट
सहारनपुर। जाहरवीर गोगा महाराज की स्मृति में नगर निगम द्वारा राजकीय इंटर कॉलेज, नेहरू मार्केट में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला के तहत देवभूमि उत्तराखंड पर्वतीय सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, परंपरा और लोक संगीत की मनमोहक झलक देखने को मिली। लोक कलाकारों ने उत्तराखंडी गीत-संगीत की विभिन्न प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। कलाकारों की प्रस्तुतियों पर दर्शकों ने तालियां बजाकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में उत्तराखंड की पारंपरिक संस्कृति और लोक विरासत को मंच के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। सांस्कृतिक संध्या में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और कलाकारों की प्रस्तुतियों का आनंद लिया। आयोजन स्थल पर पर्वतीय समाज के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, नगर विधायक राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष शीतल बिश्नोई, महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, मेला चेयरमैन संजय सैनी, पूर्व दल नेता मुकेश गक्खड़, पार्षद सोपिन पाल, जयराम गौतम, भाजपा नेता अजब सिंह, पार्षद दिग्विजय चौहान, पार्षद ज्योति अग्रवाल, व्यापारी नेता मनोज ठाकुर, संदीप रावत, राजनैतिक रावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग एवं दर्शक मौजूद रहे।








