शहरी चौपाल / संवाददाता
सहारनपुर, । सेवा संकल्प अभियान के तहत कंपनी बाग में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन और केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी आयोजित की गई। महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह, नगर विधायक राजीव गुंबर और भाजपा महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।

प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2001 से सरकार के प्रमुख के रूप में सार्वजनिक जीवन की यात्रा तथा विभिन्न योजनाओं और अभियानों को प्रदर्शित किया गया है। प्रधानमंत्री ने अक्टूबर 2025 में स्वयं 2001 से सरकार के प्रमुख के रूप में अपने 25वें वर्ष में प्रवेश का उल्लेख किया था।
प्रदर्शनी में प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, पीएम गरीब कल्याण अन्न योजना, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, किसान कल्याण और उत्तर प्रदेश के विकास से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी जा रही है।
महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार की विभिन्न योजनाओं और कार्यों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि विकास के साथ अपनी संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

नगर विधायक राजीव गुंबर ने लोगों से अपील की कि वे कंपनी बाग पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन करें और केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें। महानगर अध्यक्ष शीतल विश्नोई ने भी अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर संस्कृत विद्यालय की अध्यापिका और छात्र भी मौजूद रहे।








