Saharanpur Police Encounter: गोकशी के आरोपी को मुठभेड़ में लगी गोली, पुलिस ने किया गिरफ्तार

बेहट में पुलिस के अनुसार गोकशी की तैयारी कर रहे आरोपी से मुठभेड़ हुई। एक आरोपी घायल अवस्था में गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस, जिंदा गोवंश और गोकशी के उपकरण बरामद।

गय्यूर मलिक 

सहारनपुर/बेहट,। थाना बेहट पुलिस ने सोमवार देर रात ताजपुरा के जंगल में कथित गोकशी की तैयारी कर रहे एक आरोपी को पुलिस मुठभेड़ के बाद घायल अवस्था में गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, एक जिंदा गोवंश, गोकशी के उपकरण तथा बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, बेहट थाना पुलिस की टीम ताजपुरा नहर पुल से मालाहेड़ी की ओर जाने वाली सड़क पर गश्त और संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ताजपुरा के जंगल की ओर स्थित आम के बाग में रोशनी दिखाई दी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां दो लोग कथित रूप से गोकशी की तैयारी करते मिले।

पुलिस का कहना है कि टीम ने आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो दोनों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी अंधेरे और जंगल का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। उसकी तलाश में पुलिस द्वारा कांबिंग की गई।

पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान हसीन पुत्र सईद निवासी गंदेवड़ा, थाना फतेहपुर, हाल निवासी ताजपुरा, थाना बेहट, जनपद सहारनपुर के रूप में हुई है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस के अलावा जिंदा गोवंश, गोकशी के उपकरण और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद करने की जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक हसीन के खिलाफ सहारनपुर जनपद के विभिन्न थानों में गोकशी, चोरी, आर्म्स एक्ट, गैंगस्टर एक्ट और हत्या के प्रयास समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आरोपी के आपराधिक इतिहास और मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा तलाश जारी है। पुलिस ने बरामदगी और मुठभेड़ की घटना के संबंध में आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य