वोट चोरी के आरोपों के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

कलेक्ट्रेट में प्रवेश रोकने पर धरने पर बैठे कांग्रेसजन, मनीष त्यागी व हरिओम मिश्रा को पुलिस ने हिरासत में लिया

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर लगाए गए कथित ‘वोट चोरी’ के आरोपों के विरोध में हकीकत नगर रामलीला मैदान से प्रदर्शन किया। जिला अध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी के संयुक्त नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कार्यक्रम को रोकने का प्रयास किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शन बताते हुए पुलिस प्रशासन से कलेक्ट्रेट तक मार्च निकालने में सहयोग की अपील की। कांग्रेस के अनुसार, पुलिस द्वारा बैनर हटाने का प्रयास किए जाने के बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट की ओर बढ़ गए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर प्रवेश की अनुमति नहीं मिलने पर कांग्रेसजन गेट पर ही धरने पर बैठ गए। बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला जलाने का प्रयास किया, जिसे पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच खींचतान हुई और पुतला क्षतिग्रस्त हो गया। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस कार्रवाई पर नाराजगी जताते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों में हस्तक्षेप बताया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने पुलिस कार्रवाई को हिटलरशाही बताते हुए आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन भाजपा के फ्रंटल संगठन की तरह काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार सभी को है। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट ने कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन प्राप्त किया और उसे राष्ट्रपति तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद कांग्रेस नेताओं के अनुसार, हकीकत नगर रामलीला मैदान लौटने पर पुलिस ने महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी और अन्य कार्यकर्ताओं के साथ हाथापाई की तथा मनीष त्यागी और महानगर उपाध्यक्ष हरिओम मिश्रा को हिरासत में लेकर पहले सदर बाजार थाने और बाद में गागलहेड़ी थाने ले जाया गया। इसकी जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का काफिला गागलहेड़ी थाने पहुंच गया। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद, एमएलसी शाहनवाज खान, जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, एआईसीसी सदस्य चैधरी मुजफ्फर अली, पूर्व प्रदेश सचिव प्रवीण चैधरी, पूर्व महानगर अध्यक्ष वरुण शर्मा समेत कई नेता मनीष त्यागी और हरिओम मिश्रा की रिहाई की मांग को लेकर गागलहेड़ी थाने पहुंचे। प्रदर्शनकारियों में चैधरी मेहरबान आलम, विवेककांत सिंह, अशोक सैनी, राहत खलील, अरविंद पालीवाल, श्वेता सैनी, गौरव वर्मा, सरदार चंद्रजीत सिंह निक्कू, आरिफ खान, अक्षय चैधरी, अमरदीप जैन, विनय राणा समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य