Saharanpur News: नकुड़ में टाटा प्रीमियम की कथित नकली चायपत्ती पर छापेमारी, दो दुकानों से माल बरामद

नकुड़ में टाटा प्रीमियम के नाम से कथित नकली चायपत्ती की बिक्री की शिकायत पर कंपनी प्रतिनिधि ने पुलिस के साथ दो दुकानों पर छापेमारी की। चायपत्ती के पैकेट और कट्टे बरामद किए गए।

मनोज धनगर

नकुड़ (सहारनपुर)। नगर में नामचीन ब्रांड टाटा प्रीमियम के नाम पर कथित नकली चायपत्ती की बिक्री की शिकायत पर कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि ने पुलिस बल के साथ दो दुकानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान चायपत्ती के कई कट्टे और पैकेट बरामद किए गए। कंपनी प्रतिनिधि ने पैकेटों की जांच के दौरान कुछ पैकेटों पर कंपनी का कोड नहीं होने का दावा किया है। कार्रवाई की सूचना बाजार में फैलते ही कई दुकानदार अपनी दुकानें बंद कर चले गए।

टाटा कंज्यूमर लिमिटेड के अधिकृत प्रतिनिधि एवं कानूनी सलाहकार प्रशांत कुमार गुप्ता ने बताया कि उन्हें लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि बाजार में कंपनी के नकली रैपर का इस्तेमाल कर अलग-अलग वजन की पैकिंग में टाटा प्रीमियम के नाम से चायपत्ती बेची जा रही है। सूचना के आधार पर वह दिल्ली से नकुड़ पहुंचे और पुलिस बल के साथ मैसर्स सतीश कुमार सोहन लाल की दुकान पर जांच की।

कंपनी प्रतिनिधि के अनुसार, दुकान पर मिले कुछ चायपत्ती के पैकेटों पर कंपनी का आवश्यक कोड नहीं मिला। इसी दौरान व्यापार मंडल से जुड़े कई पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए और कंपनी प्रतिनिधि से बातचीत की। व्यापारियों की ओर से बताया गया कि संबंधित माल सहारनपुर से खरीदा गया है। इस पर कंपनी प्रतिनिधि ने माल की खरीद का बिल मांगा, लेकिन उनके अनुसार व्यापारी बिल प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद बरामद माल को पुलिस वाहन में रखवाकर थाने ले जाया गया।

प्रशांत कुमार गुप्ता के मुताबिक बस स्टैंड स्थित व्यापारी चंद्र किरण की दुकान पर भी जांच के दौरान टाटा प्रीमियम के नाम से पैक चायपत्ती के पैकेट मिले। उन्होंने बताया कि कुछ पैकेटों पर एक्सपायरी डेट भी अंकित थी, जिसकी भी जांच की जा रही है।

कंपनी प्रतिनिधि ने बताया कि दोनों व्यापारियों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर दी जा रही है और कॉपीराइट एक्ट व धोखाधड़ी समेत संबंधित धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं, थाने पहुंचे व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कंपनी प्रतिनिधि से वार्ता की। कंपनी प्रतिनिधि ने कहा कि व्यापारी जिस स्थान से माल खरीदकर लाए हैं, उसका बिल प्रस्तुत करें तो वहां भी कार्रवाई के लिए शिकायत की जाएगी।

कार्यवाहक थाना प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि मामले में जो तहरीर प्राप्त होगी, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस कार्रवाई और बरामद माल की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य