Saharanpur News: 20 चोरी की बाइक बरामद, वाहन चोर गिरोह के तीन गिरफ्तार

नानौता पुलिस ने अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। 20 चोरी की बाइक, 7 फर्जी नंबर प्लेट, 4 फर्जी आरसी और चेसिस-इंजन नंबर बदलने की डाई मशीन बरामद।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। पुलिस लाइन स्थित नवीन सभागार में एसपी देहात मयंक पाठक ने पत्रकार वार्ता में नानौता पुलिस द्वारा अंतरजनपदीय वाहन चोर गिरोह के खुलासे की जानकारी दी। पुलिस ने गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी की 20 मोटरसाइकिलें, सात फर्जी नंबर प्लेट, चार फर्जी आरसी, चेसिस व इंजन नंबर बदलने की डाई मशीन, लोहे की रेती और काले पेंट का स्प्रे बरामद करने का दावा किया है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में वाहन चोरी, नकबजनी और लूट की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा वांछित एवं शातिर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी गंगोह के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष विकास चारण के नेतृत्व में नानौता पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की।

पुलिस के मुताबिक जंगल ग्राम काशीपुर में चेकिंग के दौरान अनूप उर्फ काला पुत्र राजकुमार निवासी भावसी रायपुर, बादल उर्फ काकुल पुत्र सुरेंद्र निवासी भावसी तथा अकुल उर्फ वंशु उर्फ वनराज पुत्र उमेश उर्फ बबरभान निवासी भावसी रायपुर, थाना नानौता को गिरफ्तार किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की निशानदेही पर काशीपुर क्षेत्र में आम के बाग में बने एक खाली मकान से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।

पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर मोटरसाइकिल चोरी करते थे। पुलिस के अनुसार गिरोह के सदस्य जनसेवा केंद्रों से वाहनों की आरसी निकलवाने के साथ चोरी की मोटरसाइकिलों के चेसिस और इंजन नंबर डाई मशीन से बदलते थे। इसके बाद फर्जी नंबर प्लेट और दस्तावेज तैयार कर वाहनों को बेचने की तैयारी की जाती थी। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य आसपास के गांवों और कस्बों में खड़ी मोटरसाइकिलों के फोटो खींचकर उनके रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर ऑनलाइन माध्यम से फर्जी आरसी भी तैयार करवाते थे।

पुलिस ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिलों में नानौता, बड़गांव, नागल, गागलहेड़ी और रामपुर मनिहारान थानों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से संबंधित बाइक भी शामिल हैं। बरामद वाहनों में स्प्लेंडर प्लस, स्प्लेंडर पल्स, टीवीएस अपाचे, प्लेटिना और सीडी डॉन सहित अन्य मोटरसाइकिलें शामिल हैं। कुछ वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिलीं, जबकि एक मोटरसाइकिल बिना नंबर के बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार बरामद सामान में एक डाई मशीन भी शामिल है, जिसका इस्तेमाल मोटरसाइकिलों के चेसिस और इंजन नंबर बदलने के लिए किया जाता था। इसके अलावा लोहे की रेती, काले पेंट का स्प्रे, सात फर्जी नंबर प्लेट और चार फर्जी आरसी बरामद हुई हैं। पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने रामपुर मनिहारान, नानौता, नागल, बड़गांव और अन्य स्थानों से मोटरसाइकिलें चोरी की थीं।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ नानौता थाने में मुकदमा संख्या 247/26 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, नानौता थाने में पूर्व से दर्ज मुकदमा संख्या 232/26 में भी संबंधित धारा की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों को विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी अनूप उर्फ काला का पूर्व में भी कई मुकदमों का आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ नानौता, देवबंद, थानाभवन और तितरौ सहित विभिन्न थानों में दर्ज कुल 33 मामलों का विवरण दिया है। इनमें चोरी, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य धाराओं में दर्ज मामले शामिल हैं। वहीं, बादल उर्फ काकुल और अकुल उर्फ वंशु उर्फ वनराज के खिलाफ भी वर्ष 2026 में वाहन चोरी और अन्य संबंधित धाराओं में मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष विकास चारण, उपनिरीक्षक मनोज कुमार, हेड कांस्टेबल विक्रान्त मान, मोहसीन, कपिल राणा, उपेंद्र कुमार, अरविंद कुमार तथा कांस्टेबल छतरपाल सिंह शामिल रहे। पुलिस अब बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में अन्य जिलों में दर्ज वाहन चोरी के मामलों से भी कड़ियां जोड़ने और गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य