गांधी जयंती पर प्रभुजी की रसोई में हुआ सह-भोज, दिया सामाजिक समरसता का संदेश

डीएम, महापौर समेत गणमान्य लोगों ने गांधी-शास्त्री को दी पुष्पांजलि; जरूरतमंदों के साथ बैठकर किया भोजन

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर गांधी पार्क स्थित प्रभुजी की रसोई में सह-भोज एवं पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया गया। इस दौरान महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।

सह-भोज में विभिन्न वर्गों के लोगों ने एक साथ बैठकर भोजन किया। आयोजकों ने कहा कि प्रभुजी की रसोई में प्रतिदिन गरीब, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों को निःशुल्क भोजन कराया जाता है। गांधी जयंती पर आयोजित सह-भोज इसी सेवा भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। कार्यक्रम के माध्यम से सामाजिक भेदभाव को दूर कर समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता बालसिंह ने की तथा संचालन अमीर खान ने किया। संयोजक जय नाथ शर्मा एवं शीतल टंडन रहे। जिलाधिकारी अरविंद चौहान ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, सादगी और मानव सेवा के लिए समर्पित रहा। उनके विचार आज भी समाज को आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज में सहयोग और सम्मान की भावना मजबूत करने वाला बताया।

महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि गांधी दर्शन आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का संदेश देता है। उन्होंने महात्मा गांधी के आदर्शों के साथ लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा से प्रेरणा लेने की बात कही। उन्होंने प्रभुजी की रसोई द्वारा जरूरतमंदों के लिए किए जा रहे निःशुल्क भोजन की सराहना की।

सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने कहा कि गांधीजी का दर्शन समाज में शांति, भाईचारे और आपसी सद्भाव की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि सह-भोज जैसे आयोजन सामाजिक दूरियां कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

जय नाथ शर्मा ने कहा कि गांधीजी ने समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने और जरूरतमंदों की सेवा का संदेश दिया था। प्रभुजी की रसोई में प्रतिदिन जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराना उसी भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास है। शीतल टंडन ने कहा कि गांधी जयंती उनके विचारों को जीवन में उतारने का संकल्प लेने का अवसर भी है। सत्य, अहिंसा, सादगी, स्वच्छता और सेवा के उनके संदेश को अपनाकर ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि दी जा सकती है।

इस अवसर पर गरीब, जरूरतमंद एवं असहाय लोगों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल, कर्नल संजय मिड्डा, महेश नरंक, राजीव चावला, दलजीत सिंह कोचर, महेंद्र सचदेवा, इकबाल मंसूरी, डॉ. असलम खां, राज नितिन रावत, जीएम गांधी, वेद प्रकाश पोपली, अशोक मलिक, अशोक गांधी, नीना धिंगरा, परवीन बउ मुंगा, भूपेंद्र मुंगा, राजकुमार वर्मा, दीपक सिंगल, कौश्रेंद्र स्वामी, धीरज भारद्वाज, केके गर्ग, सतीश शाह, सुरेंद्र सचदेवा, केएल दावड़ा, संजीव सदेवा, हेमंत अरोड़ा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य