शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। गांधी-शास्त्री जयंती के अवसर पर कांग्रेस ने वोट चोरी और लोकतंत्र के मुद्दे को लेकर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित प्रेसवार्ता में जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा ने सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों की जानकारी दी। इस दौरान महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी भी मौजूद रहे। संदीप राणा ने बताया कि इडिया गठबंधन की बैठक के बाद कांग्रेस को एक सप्ताह के कार्यक्रम की रूपरेखा मिली है। इसके तहत ब्लॉक अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, न्याय पंचायत अध्यक्ष और सहयोगी दलों के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों में छोटी-छोटी बैठकें आयोजित कर लोगों को वोट के महत्व के प्रति जागरूक करेंगे। इसके बाद गांधी जी अथवा भगत सिंह की प्रतिमा से कलेक्ट्रेट तक बड़ा मार्च निकाला जाएगा। चुनाव आयोग के खिलाफ पुतला दहन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि आंदोलन में सहयोगी दलों को भी साथ लेकर चला जाएगा। महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी और कांग्रेस नेता हरिओम मिश्रा की जेल से रिहाई के बाद प्रेसवार्ता में मनीष त्यागी ने कहा कि वोट चोरी के खिलाफ प्रदर्शन करना कांग्रेस का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर सरकारी काम में बाधा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोप लगाए गए।








