शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं की जांच कराने की मांग को लेकर शनिवार को समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। सपा जिला अध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद के नेतृत्व में कार्यकर्ता जिला मुख्यालय पहुंचे और नारेबाजी करते हुए मतदाता सूची की जांच कराने की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन नगर मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
सपा कार्यकर्ताओं ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन की मतदाता सूची में गंभीर अनियमितताएं की गई हैं, जिससे निर्वाचन प्रक्रिया प्रभावित होने की आशंका है। उन्होंने कथित फर्जी आधार कार्ड और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर मतदाता सूची तैयार किए जाने के आरोपों की जांच कराने की मांग की।
सपा नेताओं ने कहा कि स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में ऐसे लोगों के नाम दर्ज किए जाने की जांच होनी चाहिए, जो निर्धारित शैक्षिक योग्यता पूरी नहीं करते हैं। इसके अलावा सरकारी और निजी शिक्षण संस्थानों तथा विश्वविद्यालयों से स्नातक पास व्यक्तियों के नाम उनकी कथित सहमति के बिना मतदाता के रूप में दर्ज किए जाने के आरोपों की भी जांच की मांग की गई।
ज्ञापन में निर्वाचन क्षेत्र से बाहर रहने वाले लोगों के कथित फर्जी आधार कार्ड तैयार कराने, कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर मतदाता पंजीकरण कराने और नियमों के विपरीत मतदाता सूची तैयार करने के आरोपों की जांच की मांग की गई। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
सहारनपुर जिला प्रशासन की वेबसाइट पर मेरठ खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की अंतिम मतदाता सूचियों के प्रकाशन और लगातार अद्यतन प्रक्रिया से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध हैं।
प्रदर्शन में महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, चौधरी साजिद, चौधरी सलीम अख्तर, उमा भूषण, ममता चौधरी, इंजीनियर विजेश शर्मा, किरण पाल, राणा अच्छन यादव, वसील तोमर, प्रवक्ता एवं कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी, नवाब यादव, प्रवीण बंधु खेड़ी, मनोज पांचाल, महेंद्र, राकेश, रमेश पवार, राजेश शर्मा, कासिफ अल्वी, मुस्तकीम राणा, धर्मवीर यादव, इमरान मलिक, हसीन कुरैशी, महजबी खान, जितेंद्र पाल सिंह, कुलदीप हंस, नितिन यादव, सुमन लता, पारस मौर्य, राजकुमार बिरला, नदीम कुरैशी, ललित यादव, रईस मलिक, नाजिया, मंसूर सलमानी, जिंदी गुर्जर, शादाब अंसारी, राम आशीष यादव, गुलशन खान, सबरीन, एकता चौधरी, नौशाद, हिना सिद्दीकी, रिहान, रफत खान, देशराज यादव, राव अब्दुल रहमान, आरिफ और वेदपाल पटनी आदि मौजूद रहे।








