शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के 34वें स्थापना दिवस के अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता एवं पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के आवास पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मिष्ठान वितरित कर स्थापना दिवस मनाया। कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 में अखिलेश यादव को उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने तथा समाजवादी विचारधारा को मजबूत करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के संघर्ष, त्याग और राजनीतिक योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रखने की बात कही गई।
जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने किसानों, नौजवानों, मजदूरों, महिलाओं, पिछड़ों, दलितों, अल्पसंख्यकों और समाज के कमजोर वर्गों के अधिकारों की आवाज उठाई है। उन्होंने कहा कि पार्टी सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने के लिए लगातार संघर्ष करती रही है।
अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठा रही है। किसानों की समस्याओं, युवाओं के रोजगार, शिक्षा, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान, महंगाई और सामाजिक न्याय जैसे विषयों को लेकर पार्टी अपनी आवाज बुलंद कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में शाहजमान सिद्दीकी, अब्दुल्ला, सरदार जोगिंदर सिंह, शुभम वर्मा, मनप्रीत सिंह, रवि यादव, राजीव जैन, मुदस्सिर, शादाब खान, अफजाल अहमद, तौसीफ सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।








