शहरी चौपाल ब्यूरो
रामपुर मनिहारान। वन रेंज कार्यालय में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव संभलहेड़ी निवासी दिव्यांग लकड़ी ठेकेदार बिजन राणा ने अधिकारियों के सामने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर उसे पहले सीएचसी और बाद में गंभीर स्थिति के चलते मुलाना मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ठेकेदार का आरोप है कि बाग कटान से जुड़े मामले में वन विभाग के अधिकारी उस पर एक लाख रुपये देने का दबाव बना रहे थे। उसका कहना है कि वह दिव्यांग है, उसके छोटे बच्चे हैं और पत्नी भी बीमार रहती है। इसके बावजूद कथित रूप से पैसों की मांग को लेकर दबाव बनाया जा रहा था। इसी से परेशान होकर उसने कार्यालय में जहरीला पदार्थ खा लिया।
बताया गया कि ठेकेदार ने बाग कटान का ठेका लिया था, लेकिन वन विभाग की अनुमति के बिना कटान किए जाने पर विभाग ने काम रुकवा दिया था। ठेकेदार ने एसडीओ वीरेंद्र सिंह रावत पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं।
वहीं, रेंज अधिकारी वैशाली चौधरी ने रिश्वत मांगने के आरोपों को निराधार बताया। उनके अनुसार बाग में अवैध कटान के मामले में नियमानुसार पेनल्टी की कार्रवाई की गई थी। इसी कार्रवाई से नाराज होकर ठेकेदार ने कार्यालय में हंगामा किया और जहरीला पदार्थ खा लिया। मामले की वास्तविक स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होगी।








