शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। परचून की दुकान से लाखों रुपये का सामान चोरी होने की घटना के दो दिन बाद एक संदिग्ध कार कॉलोनी में खड़ी मिली। दुकान मालिक के बेटे अयान की सूचना पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। दुकान मालिक अरशद कुरैशी ने अपने नौकर समेत तीन लोगों के खिलाफ तहरीर देकर डुप्लीकेट चाबी के जरिए साथियों के साथ मिलकर चोरी करने का आरोप लगाया है।
दुकान मालिक के बेटे अयान के अनुसार चोरी वाली रात उक्त कार दुकान के आसपास देखी गई थी। इसके बाद परिवार के लोग और पुलिस कार की तलाश कर रहे थे। दो दिन बाद कार एक कॉलोनी में खड़ी दिखाई दी। अयान ने इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार को कब्जे में लेकर कोतवाली ले गई।
दुकान मालिक की तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपों की जांच कर रही है। साथ ही नामजद आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। कोतवाली प्रभारी इंद्रेश कुमार चौहान ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।








