शहरी चौपाल ब्यूरो
गंगोह (सहारनपुर)। शोभित विश्वविद्यालय में छात्र-छात्राओं को बेहतर करियर अवसरों के लिए तैयार करने के उद्देश्य से करियर सेल एवं यूनिवर्सिटी स्टूडेंट क्लब की ओर से करियर काउंसलिंग एवं रिज्यूमे बिल्डिंग विषय पर विशेष सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को करियर निर्माण, इंटरव्यू की तैयारी और वर्तमान रोजगार क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी गई।
विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विश्वविद्यालय के पुरातन छात्र सिकंदर सिंह ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। सिकंदर सिंह वर्तमान में शैल सॉल्यूशन, गुरुग्राम में सीनियर क्वालिटी ऑटोमेशन इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रभावी रिज्यूमे तैयार करने, इंटरव्यू की बेहतर तैयारी करने तथा रोजगार के बदलते क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।
सत्र में 200 से अधिक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर करियर संबंधी मार्गदर्शन प्राप्त किया। वक्ता ने विद्यार्थियों से अपने कौशल को लगातार विकसित करने और रोजगार के क्षेत्र में बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में डॉ. नवीन कुमार, डॉ. नितिन कुमार, सचिन कुमार एवं उमंग शर्मा सहित अन्य उपस्थित रहे।








