अमित कुमार
छुटमलपुर (सहारनपुर)। राष्ट्रीय विद्या पीठ इंटर कॉलेज की कक्षा आठ की छात्रा मानवी पुंडीर ने कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया है। उसकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ विद्यालय और पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
सढ़ौली कदीम विकासखंड के पब्लिक इंटर कॉलेज में आयोजित मंडल स्तरीय बालिका वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता में मानवी पुंडीर ने अपनी खेल प्रतिभा और कड़ी मेहनत का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर उसने राज्य स्तरीय अंडर-14 कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयन हासिल किया।
मानवी की सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी। विद्यालय के प्रबंधक भूपेंद्र राणा, प्रधानाचार्या अलका शर्मा और खेल शिक्षक सुरेंद्र कुमार ने कहा कि मानवी शुरू से ही कबड्डी सहित अन्य खेलों में मेहनती और लगनशील रही है। उसने नियमित अभ्यास, अनुशासन और कड़ी मेहनत के बल पर यह उपलब्धि हासिल की है।
विद्यालय प्रबंधन ने मानवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वह राज्य स्तर पर भी अपने खेल का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेगी। मानवी की उपलब्धि पर परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने उसे शुभकामनाएं दीं।








