शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान ने शुक्रवार को मां शाकंभरी देवी शारदीय नवरात्र मेले का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए मेले को दिव्य और भव्य बनाने के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों ने मां शाकंभरी देवी के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद लिया।

मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार ने कहा कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर से बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि लोगों के बीच अच्छा संदेश जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विद्युत विभाग को मेले के दौरान सुरक्षित और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के साथ पर्याप्त पथ प्रकाश व्यवस्था करने को कहा। प्रकाश व्यवस्था वाले स्थानों पर उच्च गुणवत्ता के सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश भी दिए। इसके अलावा शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

मंडलायुक्त ने मेला परिसर में मोबाइल टॉयलेट और अस्थायी शौचालयों की व्यवस्था करने तथा विद्युत सुरक्षा के मानकों का ध्यान रखते हुए दुकानें लगवाने के निर्देश दिए। खोल में पानी आने की स्थिति में चेतावनी व्यवस्था को अलर्ट रखने और बैरिकेडिंग की उचित व्यवस्था करने को भी कहा।
निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बेहट सुबोध कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।








