शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। नगर निगम की ओर से मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में एचएवी इंटर कॉलेज के मैदान पर दंगल का आयोजन किया गया। इसमें छोटे-बड़े पहलवानों ने अपने दमखम और शानदार दांव-पेंच से दर्शकों को रोमांचित किया। दंगल का उद्घाटन पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान, महापौर डॉ. अजय कुमार, निवर्तमान महापौर संजीव वालिया, एससी-एसटी आयोग के सदस्य महीपाल वाल्मीकि, भाजपा नेता राहुल लखनपाल शर्मा, मेला संयोजक संजय सैनी, नकुड़ पालिकाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, भाजपा प्रवक्ता राजकुमार राजू, महानगर महामंत्री किशोर शर्मा और कार्यक्रम संयोजक एवं उपसभापति मयंक गर्ग ने रिबन काटकर किया। अतिथियों ने मुख्य पहलवानों की कुश्ती शुरू कराकर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं।

देर शाम तक चले दंगल में पहलवानों ने धोबी पाट, सांडी तोड़, बगल डूब, ईरानी दांव, जांघिया दांव, कलाजंग, निकाल और कांखी जैसे पारंपरिक दांव-पेंच दिखाए। पहलवानों के बीच जोरदार मुकाबले देखने के लिए दर्शकों की भीड़ जुटी रही।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए महापौर डॉ. अजय कुमार ने कहा कि कुश्ती हमारी संस्कृति, परंपरा और गौरवशाली विरासत का अभिन्न हिस्सा है। यह केवल दो पहलवानों के बीच शक्ति प्रदर्शन नहीं, बल्कि अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास और संघर्ष की साधना है। उन्होंने कहा कि अखाड़ों ने पीढ़ियों से युवाओं को शारीरिक सामर्थ्य के साथ संस्कार और सम्मान की सीख दी है। इस समृद्ध परंपरा को सहेजकर नई पीढ़ी को इससे जोड़ना जरूरी है, ताकि कुश्ती की गौरवशाली विरासत आगे बढ़ती रहे।

इससे पूर्व डॉ. पंकज खन्ना, डॉ. डीके गुप्ता, पार्षद नीरज शर्मा, मयंक गर्ग, पूर्व महानगर अध्यक्ष राकेश जैन और अमित गगनेजा, पार्षद राजकुमार शर्मा सहित अन्य लोगों ने सन्नी, रजत, कुणाल और विक्की खलीफा तथा गुरु जगमोहन व अन्य पहलवानों को पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया। अखाड़े की ओर से उपसभापति मयंक गर्ग का भी पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।
आयोजन समिति ने व्यापारी नेता राजकुमार मक्कड़, पार्षद सुलेख चंद, सोपिन पाल, मनोज प्रजापति, अनुज जैन, पार्षद प्रतिनिधि राकेश कल्याण, नीरज दिवाकर, अनिल शर्मा, पूर्व पार्षद भूरा सिंह प्रजापति, मनोज जैन, मानसिंह जैन, भाजपा मंडल अध्यक्ष हन्नी वर्मा, संदीप रावत, अमित गर्ग, सुरेंद्र धवन, पंकज उपाध्याय और राजेंद्र सैनी सहित सभी अतिथियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर स्वागत किया। कार्यक्रम का संचालन संयोजक मयंक गर्ग ने किया।








