शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। मेला गुघाल के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में नगर निगम की ओर से जीआईसी सभागार में आयोजित ‘सुर संगम’ कार्यक्रम में सुरों की मनमोहक बयार बही। गायकों की शानदार प्रस्तुतियों ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर देर तक बांधे रखा। कार्यक्रम का उद्घाटन महापौर डॉ. अजय कुमार, नगर विधायक राजीव गुंबर, भाजपा जिलाध्यक्ष अजित सिंह राणा, एससी-एसटी आयोग के सदस्य महीपाल वाल्मीकि, उपसभापति मयंक गर्ग, मेला संयोजक संजय सैनी, आयोजन समिति अध्यक्ष दिग्विजय चौहान, पूर्व उपसभापति मुकेश गक्खड़, भाजपा नेत्री वर्षा चोपड़ा, पूर्व महानगर अध्यक्ष हेमंत अरोड़ा, वरिष्ठ समाजसेवी महेंद्र तनेजा, डॉ. पंकज खन्ना, पंजाबी समाज अध्यक्ष पाल्ली कालड़ा तथा कार्यक्रम संयोजक पार्षद चौधरी वीरसैन सिद्धू और सहसंयोजक मशकूर ने मां शारदा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर और रिबन काटकर किया।
देहरादून से आईं गायिका प्रभा ने ‘वंदे मातरम’ के गायन से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक गीत प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। शिव सिमरा के निर्देशन में गायक सार्थक ने ‘रमता जोगी’ और ‘मां तुझे सलाम’ सहित कई लोकप्रिय गीतों से श्रोताओं की वाहवाही लूटी। गायक एवं गिटारिस्ट ऐश जानी ने ‘दूरी सही जाए ना’ गीत प्रस्तुत करने के साथ गिटार पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
वहीं, शोएब नेहरू ने सूफी कलाम पेश कर माहौल को खुशनुमा बनाया। जावेद अख्तर ने ‘तुम जो मिल गए हो’ और ‘फूलों का शबाब क्या’ जैसे गीतों से श्रोताओं का भरपूर मनोरंजन किया। प्रभा, सार्थक और जावेद ने एक साथ कई नॉनस्टॉप गीत प्रस्तुत कर संगीत की महफिल में चार चांद लगा दिए। कलाकारों के युगल गीतों को भी श्रोताओं ने खूब सराहा।
कार्यक्रम से पूर्व पार्षद चौधरी वीरसैन सिद्धू और सहसंयोजक सैय्यद मशकूर ने पार्षद नीरज शर्मा, सोपिन पाल, दीपक रहेजा, संजीव कर्णवाल, अमित मित्तल, केके बत्रा, मनोज प्रजापति, सुधीर पंवार, सुलेख चंद, इसम सिंह, सुखबीर वर्मा, जसवीर मोगा, प्रवीण रोहिला, पार्षद प्रतिनिधि अनिल शर्मा, नीरज दिवाकर, परविंदर तोमर और अक्षु छाबड़ा सहित पार्षदों व अतिथियों का अंगवस्त्र ओढ़ाकर अभिनंदन किया। कार्यक्रम का संचालन राकेश शर्मा और मोहम्मद यूनुस ने किया।








