सहारनपुर में 17 अक्टूबर को बनेगी विशाल ह्यूमन रंगोली, ‘विकसित भारत 2047’ का दिया जाएगा संदेश

सहारनपुर में 17 अक्टूबर को सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम होगा। आंबेडकर स्टेडियम में विशाल ह्यूमन रंगोली के जरिए 18 जनकल्याणकारी योजनाओं और विकसित भारत @ 2047 की थीम प्रदर्शित की जाएगी।

शहरी चौपाल ब्यूरो 

सहारनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 अक्टूबर को सहारनपुर में ‘सेवा के रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन और नगर निगम ने कवायद तेज कर दी है। मुख्य आयोजन डॉ. भीमराव आंबेडकर स्टेडियम में होगा, जहां विशाल ‘ह्यूमन रंगोली’ के माध्यम से राष्ट्रभक्ति, जनसेवा, राष्ट्रीय प्रतीकों और केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा। कार्यक्रम की थीम ‘रंगोली राष्ट्र एवं घर-घर से राष्ट्र तक’ रखी गई है। इसका उद्देश्य ‘विकसित भारत @ 2047’ के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाना है।

कार्यक्रम की तैयारियों के संबंध में नगर निगम स्थित मां शाकुंभरी सभागार में नगर आयुक्त शिपू गिरि की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। नगर आयुक्त ने बताया कि शहरी क्षेत्र के लिए नोडल अधिकारी नामित किए जा चुके हैं। उन्होंने संबंधित विभागों को तीन दिनों के भीतर अपनी अंतिम कार्ययोजना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि सभी तैयारियां समय से पूरी की जा सकें। जनपद, तहसील और विकासखंड स्तर पर होने वाले आयोजनों के लिए भी संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय से व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने को कहा गया।

मुख्य आयोजन की जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है। निगम की ओर से आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, कारपेटिंग, मोबाइल शौचालय, साउंड सिस्टम और स्वच्छ पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। रंगोली के निर्माण में प्राकृतिक रंगों, फूलों, अनाज और मिट्टी का उपयोग किया जाएगा। स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए खादी एवं ग्रामोद्योग विभाग का सहयोग लिया जाएगा। कार्यक्रम की भव्यता को कैमरे में कैद करने के लिए ड्रोन और एरियल कैमरों से भी कवरेज की व्यवस्था की जाएगी।

कार्यक्रम में प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, हर घर जल, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन सहित 18 प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। नगर निगम की इलेक्ट्रिक बसों और इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जैसी आधुनिक पहलों को भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिससे लोगों को सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी मिल सके।

विशाल ह्यूमन रंगोली में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षकों, एनसीसी कैडेट्स और स्कूली बच्चों की सहभागिता प्रस्तावित है। प्रत्येक श्रेणी से 100-100 प्रतिभागियों को शामिल करने की योजना है। नगर आयुक्त ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को बच्चों की सुरक्षा, आवागमन और अन्य सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों से संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था भी की जाएगी। बैठक में अपर नगर आयुक्त मृत्युंजय, नगर निगम के असेसमेंट अधिकारी जेपी यादव, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कोमल सहित शिक्षा, लोक निर्माण, बाल विकास, ग्रामोद्योग, खेल, पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

trfgcvkj.blkjhgfd

Leave a Comment

और पढ़ें

Horoscope

Weather

और पढ़ें
error: Content is protected !!

राज्य