शहरी चौपाल ब्यूरो
छुटमलपुर (सहारनपुर)। मिशन शक्ति अभियान के तहत थाना फतेहपुर पुलिस ने स्कूली छात्राओं को महिला सुरक्षा, उनके अधिकारों और शासन की ओर से संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति जागरूक किया। पुलिस टीम ने स्कूल की छुट्टी के समय छात्राओं से संवाद कर उन्हें सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
इस दौरान महिला उपनिरीक्षक मिथलेश राठौर, महिला कांस्टेबल प्रीति और महिला कांस्टेबल दीक्षा ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, आपातकालीन सेवा 112 और महिला हेल्पलाइन 181 के बारे में बताया। उन्होंने छात्राओं को जरूरत पड़ने पर इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस टीम ने छात्राओं को पंपलेट वितरित कर आत्मरक्षा के उपायों, साइबर अपराध से बचाव और छेड़छाड़ जैसी घटनाओं के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी। पुलिसकर्मियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में छात्राएं बिना डरे पुलिस को सूचना दें। साथ ही अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें।
इस दौरान छात्राओं को नारी शक्ति के महत्व के बारे में भी बताया गया। छात्राओं ने पुलिस टीम से खुलकर बातचीत की और महिला सुरक्षा से संबंधित जानकारियां प्राप्त कीं।








