शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। समाजवादी पार्टी के संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सपाइयों ने भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उनके आदर्शों और सिद्धांतों को अपनाकर पार्टी को मजबूत बनाने तथा वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया गया।
अंबाला रोड स्थित सपा जिला कार्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। जिला अध्यक्ष अब्दुल वाहिद ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने समाजवादी पार्टी के रूप में जिस पौधे को रोपित किया था, वह आज वटवृक्ष बन चुका है। डॉ. राममनोहर लोहिया के आदर्शों पर चलने वाली समाजवादी पार्टी उनके विचारों को आगे बढ़ाते हुए समाजवाद को मजबूत करने का काम कर रही है।
पूर्व विधायक वीरेंद्र ठाकुर और महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने कहा कि मुलायम सिंह यादव पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनके बताए रास्ते पर चलकर पार्टी को और मजबूत बनाना होगा।
जिला महासचिव जितेंद्र राणा बाबा, प्रदेश सचिव रतन यादव और पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष विजेश शर्मा ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जीत का लक्ष्य निर्धारित कर अभी से तैयारी शुरू करनी होगी। प्रदेश सचिव रूही अंजुम ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने का काम कर रही है। महिला प्रकोष्ठ की जिला अध्यक्ष महजबी खान और महानगर अध्यक्ष गुलशन खान ने कहा कि भाजपा सरकार की नीतियों को जनता के बीच उजागर कर पार्टी को मजबूत करना होगा।
इस मौके पर अच्छन यादव, जमाल साबरी, फुरकान त्यागी, हसीन कुरैशी, शाहनवाज मलिक, इरशाद सलमानी, नाजिया, अमित जाटव, कुलदीप हंस, मोहम्मद आफताब, धर्मवीर यादव, चौधरी कंवरपाल और कंवर सिंह सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।








