शहरी चौपाल ब्यूरो
सहारनपुर। प्रदेश के संसदीय कार्य राज्यमंत्री जसवंत सैनी ने कहा कि बाबू मुल्कीराज सैनी राजनीति में शुचिता, साधनों की पवित्रता और ईमानदारी के पर्याय थे। राजनीति उनके लिए सेवा, सदाचार और सामाजिक समरसता का माध्यम थी। आज के राजनेताओं को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर अहंकार छोड़ समाज के उत्थान के लिए काम करना चाहिए।

वह गंगोह रोड स्थित एमआरएस पब्लिक स्कूल में पूर्व सांसद एवं ताम्रपत्र प्राप्त स्वतंत्रता सेनानी बाबू मुल्कीराज सैनी की जयंती पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन सैनी वेलफेयर फोरम, प्रगतिशील सैनी सभा और एमआरएस पब्लिक स्कूल की ओर से किया गया। जसवंत सैनी ने बताया कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर शिक्षा और रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रामपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन औद्योगिक कॉरिडोर बनवाने की स्वीकृति प्रदेश सरकार से कराई गई है।
समारोह में पांच प्रतिभाओं को ‘बाबू मुल्कीराज सैनी अवार्ड-2026’ से सम्मानित किया गया। इनमें सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाह, जेएनयू में रूसी भाषा के विशेषज्ञ सोनू सैनी, वर्ष 2025 में आईएएस के लिए चयनित विवेक सैनी, ऑल इंडिया सैनी सेवा समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उद्यमी दिलबाग सिंह तथा पानीपत की महापौर कोमल सैनी शामिल रहे। अतिथियों ने सभी सम्मानित प्रतिभाओं को पुरस्कार प्रदान किए।
सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाह ने कहा कि समाज केवल सांसद और विधायक बनने से सशक्त नहीं होता, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद करने से मजबूत बनता है। उन्होंने बेटियों से शिक्षित होने और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का आह्वान किया।
पूर्व मंत्री डॉ. धर्मसिंह सैनी ने समाज के लोगों से राजनीति में सक्रिय भागीदारी बढ़ाने की अपील की। पूर्व विधायक नरेश सैनी, उत्तराखंड के राज्यमंत्री श्यामबीर सैनी और समारोह अध्यक्ष गुरनाम सिंह सैनी ने बाबूजी के आदर्शों एवं सिद्धांतों को जीवन में अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में सैनी समाज के अनेक पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे। संचालन नरेश सैनी और डॉ. वीरेंद्र आजम ने किया।








